होली पर शराब बिक्री को लेकर सियासत तेज: सरकार पर बरसे अभिमन्यु मिश्रा

राजनांदगांव। होली के दिन शराब दुकानें खोलने के फैसले पर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने भाजपा पर मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सरकार की नीति के खिलाफ था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन पर प्रतीकात्मक पुतला दहन कर सरकार को संदेश दिया गया कि माताएं-बहनें और युवा होली पर शराब बिक्री का विरोध कर रहे हैं।
मिश्रा ने सवाल उठाया कि जब बेरोजगारी, महंगाई और मूलभूत समस्याएं बढ़ रही हैं, तब सरकार की प्राथमिकता त्योहार पर शराब बिक्री क्यों है? अवैध शराब पर कार्रवाई करना शासन का काम है, वैध बिक्री बढ़ाना समाधान नहीं।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध को व्यक्तिगत बताना भाजपा की हताशा दर्शाता है। कांग्रेस जनहित और नशामुक्त समाज की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।