छत्तीसगढ़ में उर्वरक संकट नहीं, वैकल्पिक उर्वरकों का भंडारण सुनिश्चित

रायपुर, 5 जुलाई 2025 – खरीफ सीजन 2025 के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने उर्वरकों की कमी से निपटने के लिए वैकल्पिक उर्वरकों का बड़ा भंडारण किया है। डी.ए.पी. की राष्ट्रीय स्तर पर आपूर्ति में कमी को देखते हुए राज्य में एन.पी.के., सुपर फास्फेट और नैनो डी.ए.पी. को बढ़ावा दिया गया है।

अब तक राज्य में 12.27 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण हो चुका है। जुलाई में 2.33 लाख मीट्रिक टन की अतिरिक्त आपूर्ति प्रस्तावित है। डी.ए.पी. के विकल्प के रूप में एक लाख बॉटल नैनो डी.ए.पी. का सहकारी समितियों में भंडारण किया जा रहा है, जिससे 25 हजार मीट्रिक टन डी.ए.पी. की पूर्ति होगी।

राज्य सरकार द्वारा अप्रैल से ही किसानों को वैकल्पिक उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी दी जा रही है। कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों के माध्यम से प्रशिक्षण व प्रचार अभियान चलाया गया है। सरकार के कुशल प्रबंधन से खरीफ सीजन में उर्वरकों की पर्याप्त और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।