दो माह की विशेष योजना: प्रमुख मार्ग नो-वेंडर व पार्किंग फ्री होंगे

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट व नगर निगम ने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने दो माह की विशेष कार्ययोजना लागू करने का निर्णय लिया है। पुलिस कंट्रोल रूम में हुई बैठक में प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध तरीके से नो-वेंडर व पार्किंग फ्री बनाने पर सहमति बनी।
योजना के तहत मुख्य चौक-चौराहों से 50-50 मीटर तक नो पार्किंग व नो वेंडिंग लागू होगी। रिंग रोड नंबर-1 में टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध ठेला-गुमटी हटाने, सीसीटीवी व रोड मार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग तथा लेफ्ट टर्न फ्री व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने निर्देश दिए कि उल्लंघन पर चालानी व टोइंग कार्रवाई की जाए। नगर निगम ने भी अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।