रायपुर, // शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चंगोराभाठा में शनिवार को आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन को दिशा देती है और समाज निर्माण की नींव है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद व अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी की अलग प्रतिभा होती है, जिसे पहचान कर सही दिशा में प्रयास करना सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। सांसद अग्रवाल ने मातृत्व और पर्यावरण के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सभी से पौधे लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में महापौर मीनल चौबे, विधायक सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पालक और छात्र उपस्थित रहे।

