रायपुर, 24 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अंतर्गत रामानुजनगर क्षेत्र के स्कूलों में किचन गार्डन पहल बच्चों के पोषण और व्यावहारिक शिक्षा का प्रेरक मॉडल बन रही है।
माध्यमिक शाला पतरापाली में शिक्षकों के मार्गदर्शन में विकसित बगिया से ताजी जैविक सब्जियां सीधे मध्यान्ह भोजन में शामिल की जा रही हैं। हाल ही में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक करीब 4 किलो सेमी (फली) की तुड़ाई की।
बच्चे स्वयं सिंचाई, देखभाल और तुड़ाई में भाग लेकर खेती और पर्यावरण का व्यवहारिक ज्ञान हासिल कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि इस पहल से मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बढ़ी है और बच्चों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर दिख रहा है।
अभिभावकों ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
