रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन ने तंजानिया में सोने की खदान में निवेश का झांसा देकर 1 करोड़ 90 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी यश राजेश शाह (28) को गिरफ्तार किया है। आरोपी वियतनाम भागने की फिराक में था, जिसे लुक आउट सर्कुलर के आधार पर मुंबई एयरपोर्ट पर ट्रेस किया गया।
थाना सिविल लाइन में समर्थ बरडिया की रिपोर्ट पर धारा 420, 423, 467, 468, 120बी भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया था। आरोपी ने खुद को तंजानिया में खनन अधिकार प्राप्त बताकर फर्जी अनुबंध के जरिए रकम ऐंठी। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन व पासपोर्ट जब्त किया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
