गुढ़ियारी में दही हांडी उत्सव में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री सहित कई हस्तियों ने बढ़ाया मान

संगीत, भक्ति और गोविंदाओं के जोश से गुंजा अवधपुरी मैदान

रायपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रविवार को गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान में आयोजित विशाल दही हांडी उत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव सहित कई मंत्रीगण व वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए संयोजक बसंत अग्रवाल को बधाई दी। दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर महंत राजीव दास लोचन ने बसंत अग्रवाल को ‘धर्मवीर’ की उपाधि से सम्मानित किया।

मनोरंजन के लिए इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन, भजन गायिका गीता बेन रबारी व पूनम-दिव्या तिवारी ने प्रस्तुति दी। ओडिशा के ‘घंटा बाजा’ और ग्रीस लगे खंभे पर चढ़ने की प्रतियोगिता ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, एमपी व झारखंड की गोविंदा टोलियों ने दही हांडी फोड़ने में दम दिखाया। सोंझरा समिति ने पहला स्थान प्राप्त किया।

संयोजक बसंत अग्रवाल ने सभी का आभार जताते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर का उत्सव बताया। सुरक्षा और व्यवस्था की चाक-चौबंद तैयारी से कार्यक्रम शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ।