रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्य में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “आदि कर्मयोगी अभियान” चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य जनजातीय अंचलों में सेवा, समर्पण और सुशासन के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना है।
अभियान के तहत प्रदेश के 28 जिलों, 128 विकासखंडों और 6,650 आदिवासी बहुल ग्रामों को शामिल किया गया है। ग्राम स्तर पर 1.33 लाख से अधिक कैडर तैयार किए जाएंगे, जो आवास, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करेंगे।
प्रत्येक चयनित ग्राम में “आदि सेवा केंद्र” स्थापित किए जाएंगे, जहां से सेवाएं दी जाएंगी और जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान सेवा पर्व, प्रशिक्षण कार्यक्रम, शिकायत निवारण शिविर, जागरूकता अभियान और “आदिवासी सेवा दिवस” का आयोजन होगा।
अभियान के संचालन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, एनजीओ, स्वयंसेवी संगठनों और युवाओं की अहम भूमिका होगी। अभियान के अंत में “ट्राइबल विलेज विजन 2030” भी तैयार किया जाएगा।
