रायपुर की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू हुए नागरिक, हेरिटेज वॉक में शामिल हुए, अधिकारी छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत नगर निगम का आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत रायपुर नगर निगम संस्कृति विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को हेरिटेज वॉक का आयोजन हुआ। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, अपर कलेक्टर कीर्तिमान राठौर, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।

हेरिटेज वॉक में प्रतिभागियों ने लिली चौक, टुरी हटरी बाजार, नागरीदास मंदिर, जैतू साव मठ, अखाड़ा, बावली, हनुमान मंदिर जैसे ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया और उनकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि जानी। संस्कृति विभाग की समन्वयक निष्ठा जोशी ने इन स्थलों के महत्व की जानकारी दी।

आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि रायपुर की समृद्धि में इसकी सांस्कृतिक विरासत का बड़ा योगदान है। हेरिटेज वॉक के माध्यम से लोगों को अपने शहर की ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ा जा रहा है, ताकि सांस्कृतिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।