सड़क धंसने पर एक्शन, सहायक अभियंता व उप अभियंता निलंबित

कवर्धा। बोड़ला के खारिया-अगरी मार्ग पर प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी सड़क धंसने के मामले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर हुई जांच के बाद निर्माण कार्य की निगरानी और गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता और उप अभियंता को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने तथा कार्यपालन अभियंता के निलंबन का प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिए गए।
राज्य स्तरीय जांच में सामने आया कि सड़क पर क्षमता से कई गुना अधिक भार वाले वाहनों के संचालन और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामी के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त हिस्से को उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने और पीएम जनमन सड़क पर ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।