राजनांदगांव | 21 जुलाई
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने सोमवार को लोककर्म विभाग की समीक्षा बैठक लेकर निर्माण कार्यों में लापरवाही और घटिया गुणवत्ता पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों को प्रतिदिन कार्यों की निगरानी करने और तय मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि कुछ वार्डों में डामरीकरण और सीमेंट रोड में घटिया निर्माण सामने आ रहे हैं, जिससे निगम की छवि पर असर पड़ रहा है। उन्होंने खराब सड़कों की मरम्मत करवाकर ही ठेकेदारों को भुगतान करने के निर्देश दिए। वहीं जिन कार्यों की निविदा हो चुकी है या भूमिपूजन हो गया है, उन्हें तुरंत शुरू करने के आदेश दिए गए।
बैठक में सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने मरम्मत में देरी और निम्न गुणवत्ता पर चिंता जताई। उन्होंने ठेकेदारों को नोटिस जारी कर काम सुधारने और तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एसएलआरएम सेंटर और शहर के प्रमुख उद्यानों की मरम्मत पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने बताया कि कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे के मार्गदर्शन में उद्योगों की मदद से पार्कों में सौंदर्यीकरण कार्य कराया जा रहा है। डिवाइडरों में भी एबीएस ग्रुप द्वारा वृक्षारोपण किया जा रहा है।
त्योहारों को देखते हुए आयुक्त ने विद्युत व्यवस्था सुधारने और गंदे पानी की शिकायतों को जल्द हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उप अभियंताओं को अपने-अपने वार्डों में स्ट्रीट लाइट, नल कनेक्शन व अन्य सुविधाओं की निगरानी करने और पार्षदों से समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा।
बैठक में कार्यपालन अभियंता यू.के. रामटेके, संजय वर्मा, दीपक खांडे, सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम, गरिमा वर्मा, वसीम खान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

