नई दिल्ली, 21 जुलाई लोकसभा में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के वन एवं पर्यावरण से जुड़े अहम सवाल उठाए। उन्होंने राज्य में लगाए गए 18 करोड़ पौधों की उत्तरजीविता, खनन से वनक्षेत्र पर असर, ग्राम सभाओं की सहमति, लंबित परियोजनाएं और वृक्षारोपण की निगरानी को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
जवाब में केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने बताया कि पौधों की उत्तरजीविता दर करीब 90% है, वन क्षेत्र में कमी नहीं आई, खनन के लिए सभी अनुमतियां विधिवत ली गई हैं और परियोजनाएं तय समय सीमा में निपटाई जाती हैं।
सांसद अग्रवाल ने जवाब पर संतोष जताते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन और जनजातीय क्षेत्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी वे प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दे संसद में उठाते रहेंगे।

