रायपुर – सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट स्पास्मो प्रॉक्सीवान प्लस बेचने की फिराक में खड़े एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी जे. भास्कर राव (30) के पास से 112 टेबलेट, ₹4200 नकद, होंडा एवीटर स्कूटी, और मोबाइल फोन सहित कुल 60 हजार रुपए कीमत का माल जब्त किया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओवरब्रिज के पास एक युवक प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री कर रहा है। संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 165/25, धारा 22(ख) NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि जे. भास्कर इससे पहले भी आर्म्स एक्ट, नारकोटिक एक्ट और आबकारी एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेंद्र साहू, प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय सहित साइबर यूनिट व सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस अब आरोपी से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि नशीली दवाओं की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।
