2.5 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर – न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पीडब्ल्यूडी ओवरब्रिज के नीचे गांजा बेचने की फिराक में बैठे एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी हजरत मोहम्मद के पास से 2.5 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई जा रही है।

यह कार्रवाई एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, हजरत मोहम्मद (उम्र 45) निवासी तेलीबांधा, गांजा बेचने की तैयारी में था। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 146/25 दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में निरीक्षक अविनाश सिंह, निरीक्षक परेश पांडेय सहित कुल 15 पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। रायपुर पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।