रायपुर – ऑनलाइन शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट से मंगवाए गए घातक चाकुओं से लूट, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे अपराध करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। रायपुर पुलिस ने इस मामले में फ्लिपकार्ट और इलास्ट्रीक रन कोरियर कंपनी के 6 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस के पूर्व निर्देशों की अनदेखी कर चाकुओं की बिक्री और डिलिवरी जारी रखी। गिरफ्तार आरोपियों में डिलीवरी मैनेजर से लेकर स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर तक शामिल हैं।
मुख्य आरोपी कुनाल तिवारी और समीर टंडन ने फ्लिपकार्ट से चाकू मंगवाकर लूट और हत्या की वारदातों को अंजाम दिया था। जांच में सामने आया कि फ्लिपकार्ट से तीन अलग-अलग चाकू मंगवाए गए थे।
मामले में थाना मंदिर हसौद में दो आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं – अपराध क्रमांक 291/25 और 293/25, जिनमें BNS की धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट भी लगाया गया है। पुलिस अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: गुलरेज अली, मोहित कुमार, अभिजीत गोस्वामी, दिनेश कुमार, हरीशंकर साहू और आलोक साहू।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म द्वारा घातक हथियारों की बिक्री/डिलिवरी की गई तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
