गुणवत्ता विहीन कार्य पर होगी कार्रवाई, सुधार नहीं करने पर राजसात होगी राशि
राजनांदगांव |शहर की सड़कों में डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता पर अब नगर निगम सख्त रुख अपना रहा है। पहली बारिश में ही उखड़ी मानव मंदिर चौक से दुर्गा चौक तक की सड़क पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। इस मामले में निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता यू.के. रामटेके ने संबंधित ठेकेदार मे. संजय सिंगी को नोटिस जारी किया है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में सड़क सुधार कार्य नहीं किया गया, तो ठेकेदार की सुरक्षा निधि व परफॉर्मेंस गारंटी राशि राजसात कर दी जाएगी। निगम आयुक्त ने साथ ही शहर की सभी डामरीकृत सड़कों की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने और दोषी ठेकेदारों पर नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पहले भी दिए जा चुके हैं नोटिस
गौरतलब है कि ठेकेदार मे. संजय सिंगी को मानव मंदिर चौक, गांधी चौक, आजाद चौक व इंदिरा नगर चौक सहित प्रमुख मार्गों के डामरीकरण का कार्यादेश मिला था। लेकिन मानव मंदिर से दुर्गा चौक तक किए गए डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता पहली ही बारिश में सामने आ गई।
निगम ने बताया कि अप्रैल 2025 से मई 2025 तक चार बार नोटिस देने के बावजूद ठेकेदार ने न तो सुधार कार्य किया और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा। निविदा एवं अनुबंध की शर्तों के अनुसार संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है कि वह तीन वर्षों तक सड़कों का संधारण व मरम्मत सुनिश्चित करे।
कार्रवाई होगी तय
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर ठेकेदार ने अब भी सुधार कार्य नहीं किया तो अनुबंध के नियमों के तहत बकाया देयक में से राशि काटकर उसे राजसात किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी ठेकेदार की होगी।
सड़कों की जांच के निर्देश
अतुल विश्वकर्मा ने सभी जोन व क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहर की डामरीकृत सड़कों की सघन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा जहां भी गुणवत्ता में कमी पाई जाए, वहां तत्काल नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
नगर निगम के इस सख्त रवैये के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि शहरवासियों को जल्द ही बेहतर सड़कों की सुविधा मिल सकेगी।
