रायपुर पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था और यातायात सुधार पर विशेष जोर

रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा की अध्यक्षता में रविवार को सिविल लाइन्स स्थित सी-4 भवन में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, समस्त राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारी शामिल हुए।

आईजी ने थाना प्रभारियों को आमजन से विनम्र व्यवहार और कुशल कार्य संचालन के निर्देश दिए। आगामी विधानसभा सत्र, त्योहारों और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, अवैध पार्किंग, बिना हेलमेट जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।

उन्होंने नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने, सप्लाई चेन तक पहुंचने और अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण अंकुश लगाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने पुराने मामलों के शीघ्र निपटान, महिला और साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई तथा गांव-गांव में ‘पुलिस मित्र’ बनाने की बात कही।

गुंडा तत्वों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी, विजिबल पुलिसिंग और सघन चेकिंग के निर्देश भी दिए गए।