खरीफ सीजन में खाद-बीज की किल्लत के खिलाफ डोंगरगांव ब्लॉक कांग्रेस का जोरदार विरोध प्रदर्शन

डोंगरगांव, राजनांदगांव | वर्तमान खरीफ सीजन में खाद एवं बीज की भारी किल्लत और सहकारी समितियों में व्याप्त अव्यवस्था के खिलाफ डोंगरगांव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान डोंगरगांव, खुज्जी और खुर्सीपार क्षेत्र से आए सैकड़ों किसानों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

किसानों की मुख्य मांगें:

सभी सहकारी समितियों में खाद और बीज की तत्काल और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

कालाबाज़ारी, भ्रष्टाचार और अनियमित वितरण में लिप्त कर्मचारियों और अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जाए।

वितरण प्रणाली में मौजूद तकनीकी बाधाओं को शीघ्र दूर कर किसानों को राहत पहुंचाई जाए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है, लेकिन आज किसानों की उपेक्षा हो रही है। खरीफ सीजन की शुरुआत के बावजूद किसान खाद और बीज के लिए दर-दर भटक रहे हैं। समितियों में उपलब्धता नहीं होने से कृषि कार्य बाधित हो रहे हैं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति और फसल उत्पादन दोनों पर असर पड़ रहा है।

कांग्रेस ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डोंगरगांव के कार्यकारी अध्यक्ष गणेश साहू ने कहा, “यदि प्रशासन ने जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हक में उग्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी।”

कार्यक्रम में प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी रहे शामिल

इस विरोध प्रदर्शन में डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यक्रम प्रभारी रमेश खंडेलवाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी गणेश साहू, टिकेश साहू, सुयश नाहटा, वीरेंद्र बोरकर, रोशन यदु, महेंद्र वैष्णव, मयंक यदु सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।

डोंगरगांव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर राहत प्रदान करने की अपील की है ताकि खेती कार्यों को समय रहते संपन्न किया जा सके और किसानों को राहत मिल सके।