वन विभाग के एक दिवसीय बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम में दिखे पाइंटेड स्टॉर्क सहित कई दुर्लभ प्रवासी पक्षी
गंडई, राजनांदगांव | पैलीमेटा-गंडई क्षेत्र में स्थित पैलीमेटा डेम में आयोजित एक दिवसीय बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम के दौरान पक्षियों की 50 से अधिक प्रजातियों को रिकॉर्ड किया गया। इनमें प्रवासी पक्षी पेंटेड स्टॉर्क, यूरेशियन स्पूनबिल, कॉमन रेडशैंक, वुड सैंडपाइपर, कॉमन सैंडपाइपर और स्थानीय जल पक्षी ब्लैक-विंग्ड स्टिल्ट, रेड-नेप्ड आइबिस, ब्लैक-हेडेड आइबिस, बगुला, सारस, कॉरमोरेंट आदि शामिल हैं।
इस दौरान एक ही समूह में लगभग 25 की संख्या में पेंटेड स्टॉर्क देखे गए, जो पक्षी प्रेमियों के लिए एक विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अप्रैल माह में प्रवासी पक्षियों की वापसी के समय में उनकी मौजूदगी यह संकेत देती है कि यह डेम उनके प्रवास का अंतिम ठिकाना हो सकता है।
पक्षियों के लिए अनुकूल आवास
विशेषज्ञों के अनुसार, पैलीमेटा डेम में स्वच्छ जल, मछलियों, कीड़ों और अन्य जलीय जीवों की भरपूर उपलब्धता है, जो इन पक्षियों के लिए भोजन का प्रमुख स्रोत है। यह क्षेत्र जल पक्षियों के लिए एक आदर्श आवास बन चुका है।
वनरक्षक का सराहनीय योगदान
बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम के दौरान बीट फॉरेस्ट ऑफिसर (BFO) योगेश कोर्राम द्वारा इन पक्षियों की तस्वीरें खींची गईं और उनका रिकॉर्ड तैयार किया गया। वे खैरागढ़ वनमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में पक्षियों के संरक्षण और अध्ययन में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं तथा ग्रामीणों और छात्रों के बीच जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं।
नवोदित प्रकृति प्रेमियों के लिए प्रेरणा
यह कार्यक्रम न केवल पक्षी प्रेमियों बल्कि छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। वन विभाग द्वारा आयोजित ऐसे प्रयास प्रकृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
