फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। छत्तीसगढ़ में इन दिनों क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अमलीडीह गांव में शनिवार को एक महिला की टुकड़ों में कटी लाश मिली है। बॉडी का आधा हिस्सा गायब है। आशंका है कि किसी ने हत्या कर शव को बोरी में भरकर ठिकाने लगाया है। मामला खरखरा नहर किनारे गांव से लगी बस्ती का है। जानकारी के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। फिलहाल महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
मामले में क्राइम यूनिट दुर्ग, फॉरेंसिक सहित स्थानीय पुलिस जांच कर रही है। साथ ही शव के अन्य टुकड़ों की भी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला के शव के टुकड़ों के साछ साड़ी भी मिली है। लाश के अन्य अवशेष नहीं मिले हैं। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और जांच में जुट गई है। सभी को एक साथ रखकर पुलिस टीम जांच कर रही है। बता दें कि इसकी जानकारी मनरेगा मजदूरों को पहले हुई, जो वहां नहर किनारे साफ सफाई कर रहे थे। जब एक कुत्ते द्वारा बोरी को खींचकर बाहर निकाला गया तो बदबू आने लगी। जिसके बाद उन्हें लाश की जानकारी मिली। जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
एएसपी अशोक कुमार जोशी के बताया कि स्थानीय लोगो से सूचना मिली कि अमलीडीह गांव में नहर किनारे बोरी में कुछ है। जिसके बाद देखने पर पता चला कि एक महिला का कई टुकड़ों में शव मिला है। मामला बेहद गंभीर है। ऐसा लगता है किसी ने महिला की हत्या कर व शव के टुकड़े कर यहां पर फेंक दिया है। इस महिला की उम्र कितनी है? कहां की है? इसकी बारे में कोई जानकारी नहीं है। हमारी पूरी टीम जांच में जुटी हुई है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट भी पहुंचे हुए हैं। जहां पर लाश मिली थी, उससे थोड़ी ही दूरी पर कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं। उसको लेकर भी जांच पड़ताल की जा रही है।
