छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैंपियंस का मुकाबला 4-4 से ड्रॉ

युवराज वाल्मीकि ने दागे तीन गोल, केतन और आदर्श ने भी दिखाया दमदार खेल

रायपुर, 27 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच रोमांचक मुकाबला 4-4 से ड्रॉ रहा। एस.वी. सुनील के नेतृत्व वाली चक्रधर चैंपियंस की ओर से युवराज वाल्मीकि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल किए। वहीं, सुरेंद्र सिंह की न्यायधानी नाइट्स के लिए केतन ने बेहतरीन खेल दिखाया।

मैच के दूसरे क्वार्टर में केतन और आदर्श ने न्यायधानी नाइट्स के लिए गोल दागे। केतन ने चार डिफेंडरों को छकाते हुए सर्कल में प्रवेश किया और आदर्श को पास दिया, जिसे उन्होंने गोल में बदल दिया। इसके बाद सोनू निषाद के डिफ्लेक्शन से टीम को दूसरा गोल मिला और हाफ टाइम तक न्यायधानी नाइट्स ने बढ़त बना ली।

तीसरे क्वार्टर में केतन ने एक और गोल कर टीम को मजबूती दी। दूसरी ओर, युवराज वाल्मीकि ने दो पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलने के बाद शानदार रिवर्स फ्लिक से अपना तीसरा गोल किया। इस तरह उन्होंने टूर्नामेंट में दूसरी हैट्रिक पूरी की। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन अंत तक कोई टीम निर्णायक बढ़त नहीं बना सकी और मैच 4-4 से बराबरी पर समाप्त हुआ।

मैच देखने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की शारीरिक शिक्षा विभाग की निदेशक प्रो. रीता वेणुगोपाल सहित विभिन्न संस्थानों के अधिकारी पहुंचे। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।