ओपी चौधरी बोले- आधुनिक तकनीक और नवाचार से मजबूत होगा अधोसंरचना विकास
रायपुर, 27 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब आवास निर्माण के साथ सड़क, पुल-पुलिया, स्टेडियम, सार्वजनिक भवन और शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं में भी भागीदारी बढ़ाएगा। नवा रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यशाला में आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने अधिकारियों को आधुनिक तकनीक और नवाचार अपनाने के निर्देश दिए।
मंत्री चौधरी ने कहा कि मंडल को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बेहतर वित्तीय प्रबंधन, निर्माण गुणवत्ता और नई तकनीकों पर जोर देना होगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के सहयोग से मंडल की करीब 700 करोड़ रुपए की ऋण देनदारी समाप्त की गई है। उन्होंने अन्य राज्यों की निर्माण परियोजनाओं की निविदाओं में भी भाग लेने की संभावनाएं तलाशने की बात कही।
कार्य क्षेत्र का होगा विस्तार
मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि 24 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अधिनियम संशोधन से मंडल के कार्यक्षेत्र का विस्तार हुआ है। ओटीएस योजना और विपणन प्रयासों से अविक्रित संपत्तियों के विक्रय को गति मिली है। उन्होंने बकाया वसूली और संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया।
एआई और आधुनिक निर्माण तकनीक की दी जानकारी
नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यशाला में आईआईएम रायपुर, आईआईआईटी नवा रायपुर और एनआईटी रायपुर के विशेषज्ञों ने सुशासन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्ट्रक्चरल डिजाइन और आरसीसी निर्माण तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया। अधिकारियों-कर्मचारियों को वित्तीय प्रबंधन, टाउन प्लानिंग, संपदा प्रबंधन और पीपीपी मॉडल की जानकारी भी दी गई।
मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि प्रशिक्षण से अधिकारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ेगी और परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

