रायपुर, 27 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में किसानों, कर्मचारियों, पर्यटन और अधोसंरचना से जुड़े 19 फैसले लिए गए।
15 नवंबर से धान खरीदी: किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा। कुल 3100 उपार्जन केंद्रों में खरीदी होगी। कृषक उन्नति योजना में आदान सहायता प्रति एकड़ के आधार पर मिलेगी।
बिजली और स्वास्थ्य में राहत: एम-ऊर्जा योजना के तहत बिजली बिल में रियायत जारी रहेगी। 400 यूनिट तक खपत की पात्रता 31 मार्च 2027 तक बढ़ाई गई है। सरकारी कर्मचारियों और उनके आश्रितों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
पर्यटन और खेल को 1100 करोड़: पर्यटन विकास मिशन के लिए पांच साल में 500 करोड़ और अधोसंरचना मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं। खेल उत्कर्ष मिशन के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 100 करोड़ रुपए रखे गए हैं।
रेल परियोजना को मंजूरी: 295 किमी लंबी कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल परियोजना की अनुमानित लागत 8000 करोड़ रुपए है। राज्य शासन और रेल मंत्रालय करीब 1000-1000 करोड़ रुपए की अंशपूंजी देंगे।
अन्य अहम फैसले: रायपुर जिले की नगर पंचायत कूंरा का नाम कुंवरगढ़ होगा। कोल गैसीफिकेशन निवेश को प्रोत्साहन, पांच सरकारी परिसंपत्तियों का पुनर्विकास और राजनांदगांव में भंडारण व फल प्रसंस्करण सुविधाओं के विकास को भी मंजूरी दी गई।

