‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर होंगे कार्यक्रम, विकास योजनाओं की लगेगी प्रदर्शनी
रायपुर, 27 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव मनाया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। कार्यक्रमों की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।
आदेश के अनुसार, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे। रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, राजनांदगांव में मंत्री गजेंद्र यादव, सरगुजा में मंत्री रामविचार नेताम, कोरबा में मंत्री लखनलाल देवांगन और जशपुर में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल होंगे।
अन्य जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
विकास योजनाओं की लगेगी प्रदर्शनी
राज्योत्सव में विभिन्न विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। हितग्राहियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक जिला मुख्यालयों के शासकीय भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा। शासन ने कलेक्टरों को आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

