छत्तीसगढ़ की 14 रियासतों का इतिहास अब ‘रियासत वीथिका’ में होगा प्रदर्शित

रायपुर, 27 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की 14 पूर्ववर्ती रियासतों के गौरवशाली इतिहास और दुर्लभ धरोहरों को एक ही स्थान पर प्रदर्शित करने के लिए राज्य सरकार ‘रियासत वीथिका’ स्थापित करने की योजना बना रही है। रायपुर में पर्यटन मंडल के सभाकक्ष में राज परिवारों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना प्रस्तुत की गई और सुझाव लिए गए।

प्रस्तावित वीथिका में राजचिह्न, पारंपरिक वेशभूषा, अस्त्र-शस्त्र, प्राचीन सिक्के, ऐतिहासिक दस्तावेज और राजसी परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने बताया कि राज परिवारों के सहयोग से धरोहरों का संकलन, दस्तावेजीकरण और संरक्षण किया जाएगा। इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने की योजना है।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि इस पहल से हेरिटेज पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वीथिका विद्यार्थियों, शोधार्थियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।

बैठक में रायगढ़, सरगुजा, सारंगढ़, कवर्धा, छुईखदान, उदयपुर-धरमजयगढ़ और खैरागढ़ सहित विभिन्न राज परिवारों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर सुझाव दिए। संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे और पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे सहित अधिकारी मौजूद रहे।