बिलासपुर। मस्तूरी के ग्राम ओखर स्थित गौधाम में तीन दिनों में 6 पशुओं की मौत हुई है। पशु चिकित्सा विभाग की जांच रिपोर्ट कलेक्टर संजय अग्रवाल को सौंप दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक 4 पशुओं की मौत वृद्धावस्था और 2 की अन्य कारणों से हुई।
कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त संचालक डॉ. गोपाल शरण सिंह के नेतृत्व में टीम ने गौधाम का निरीक्षण कर मृत पशुओं का पोस्टमार्टम किया। लगातार बारिश से गौधाम परिसर में जलभराव भी मिला। 21 अगस्त को यहां पशुओं को विस्थापित किया गया था और वर्तमान में करीब 300 पशु हैं।
पशुओं की सुरक्षा को देखते हुए सभी 300 पशुओं को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रहा है।

