शहीद की पत्नी माधुरी वर्मा ने बांधी राखी, मुख्यमंत्री ने परिवार को दिया साथ का भरोसा
रायपुर, 25 अगस्त 2026। रक्षाबंधन से पहले राजधानी के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। नक्सली मुठभेड़ में शहीद उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कलाई पर राखी बांधी।
इस दौरान मुख्यमंत्री भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “मेरी कोई सगी बहन नहीं है। हम लोग भाई ही भाई हैं। आज माधुरी जी ने मेरी कलाई पर राखी बांधी है। मुझे सगी बहन से भी बढ़कर बहन मिली है।”
मुख्यमंत्री ने माधुरी वर्मा को भरोसा दिलाया कि शहीद युगल किशोर वर्मा का परिवार उनका अपना परिवार है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवार कभी अकेले नहीं हैं। उनके सुख-दुःख और भविष्य की चिंता करना सरकार के साथ समाज का भी दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने शहीद युगल किशोर वर्मा के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि प्रदेश उनके और सभी वीर जवानों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। जवानों ने अपना आज देश और प्रदेश की आने वाली पीढ़ियों का कल सुरक्षित करने के लिए न्योछावर किया।

