छत्तीसगढ़ में होगी देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग

रायपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा। हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त यह लीग देश में अपनी तरह की पहली राज्य स्तरीय प्रोफेशनल हॉकी लीग होगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि लीग से प्रदेश के युवा हॉकी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। इससे राज्य की प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धी माहौल और बड़ा मंच मिलेगा।
पहले सीजन में छह टीमें—राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स हिस्सा लेंगी। लीग के मुकाबलों के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और इसके बाद फाइनल खेला जाएगा।
लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है। वहीं शुभंकर “बघवा” बाघ पर आधारित है, जो साहस और शक्ति का प्रतीक है। सभी मैचों में हॉकी इंडिया के अंपायर और तकनीकी अधिकारी मौजूद रहेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान मनोरंजन कार्यक्रम भी होंगे। खास बात यह है कि सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।