निजी जमीन पर तालाब बनाकर जय कुमारी बनीं लखपति दीदी

रायपुर। सरगुजा के लखनपुर विकासखंड के ग्राम गुमगराखुर्द की जय कुमारी ने ‘बिहान’ से जुड़कर निजी जमीन पर तालाब बनाया और मत्स्य पालन को आजीविका का साधन बनाया। लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की सदस्य जय कुमारी विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर लखपति दीदी बनी हैं।
जय कुमारी को बिहान के माध्यम से मछली बीज की सहायता मिल रही है। मत्स्य विभाग से 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज मिलने से उन्हें मत्स्य पालन आगे बढ़ाने में मदद मिली। पूर्व में भी वे मछली पालन कर अच्छी आमदनी हासिल कर चुकी हैं।
स्थानीय संसाधनों और सरकारी सहयोग का लाभ उठाकर जय कुमारी अब परिवार की आय बढ़ाने के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहान से मिली मदद ने उनके प्रयासों को मजबूती दी है और वे मत्स्य पालन को आगे भी जारी रखना चाहती हैं।