मुख्यमंत्री की पहल से अविनाश को मिला नया जीवन

रायपुर, 17 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आर्थिक रूप से कमजोर 21 वर्षीय अविनाश नायक का डीकेएस अस्पताल रायपुर में सफल उपचार हुआ। फरसाबहार विकासखंड के पंडरीपानी निवासी अविनाश को जन्म से पैर की अंगुलियों में हड्डी-मांसपेशियों के असामान्य बढ़ने की समस्या थी। आर्थिक तंगी के कारण उसका इलाज नहीं हो पा रहा था।
अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में मदद के लिए आवेदन दिया था। कैंप कार्यालय की पहल पर उसे रायपुर भेजकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में ऑपरेशन कराया गया। उपचार के बाद उसकी स्थिति में काफी सुधार है और वह सामान्य रूप से चल-फिर पा रहा है।
स्वस्थ होने के बाद अविनाश ने मुख्यमंत्री साय से मुलाकात कर आभार जताया। मुख्यमंत्री ने उसके स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अविनाश ने कहा कि मुश्किल समय में मिली मदद ने उसकी जिंदगी बदल दी।