योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : मंत्री वर्मा

रायपुर, 20 जून। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने सारंगढ़ कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमांकन, नामांतरण और खाता विभाजन जैसे लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा। पीएम आवास योजना के अपूर्ण कार्यों पर नाराजगी जताते हुए निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में सड़कों की गुणवत्ता, आयुष्मान कार्ड, खाद-बीज भंडारण, जल जीवन मिशन, महतारी वंदन योजना, पीएम सूर्य घर योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि काम में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।