रायपुर। कमिश्नरेट पुलिस ने नारकोटिक्स के लोकल नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 96 घंटे के विशेष अभियान में हिस्ट्रीशीटर सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई टिकरापारा, सिविल लाइन, न्यू राजेंद्र नगर, खमतराई और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, एमडी ड्रग, नाइट्राजेपाम टेबलेट, गांजा, मोबाइल फोन और नगदी समेत करीब 5 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सिविल लाइन निवासी हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर भी शामिल है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और दुष्कर्म सहित दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद अब तक एनडीपीएस एक्ट के 49 मामलों में 113 आरोपियों की गिरफ्तारी कर 2.63 करोड़ रुपए से अधिक का मादक पदार्थ और अन्य सामान जब्त किया जा चुका है। मामले की एंड-टू-एंड जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

