गृह निर्माण मंडल सम्मेलन में 45 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी

रायपुर, 20 मई। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के 86वें मंडल सम्मेलन में करीब 45 करोड़ रुपये की आवासीय और अधोसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। सम्मेलन की अध्यक्षता अनुराग सिंह देव ने नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंडल मुख्यालय में की।

सम्मेलन में रायपुर के कोहका, जशपुर के गिनाबहार और मुंगेली के सारधा में आवासीय परियोजनाओं को स्वीकृति मिली। इन परियोजनाओं के तहत ईडब्ल्यूएस, एलआईजी और एमआईजी आवास बनाए जाएंगे।

बैठक में जीएसटी भुगतान और रॉयल्टी क्लीयरेंस प्रक्रिया में एकरूपता लाने, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत आरक्षण लागू करने तथा कर्मचारियों को पुनरीक्षित महंगाई भत्ता देने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

क्वींस क्लब ऑफ इंडिया के संचालन के लिए पीपीपी मोड में एजेंसी चयन को स्वीकृति दी गई। मंडल ने वर्ष 2026 के पहले चार महीनों में 317 करोड़ रुपये की 1,647 संपत्तियों के विक्रय की जानकारी भी दी।