राजनांदगांव, 31 मार्च। वार्ड क्रमांक 4 के नया ढाबा क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर महापौर मधुसूदन यादव ने निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा एवं तकनीकी अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नलों में पर्याप्त पानी नहीं आ रहा है और टैंकर आपूर्ति भी अनियमित हो गई है, जिससे परेशानी बढ़ गई है। इस पर महापौर ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र में तत्काल सिंटेक्स टंकी स्थापित करने तथा नियमित रूप से टैंकर के माध्यम से पानी भरने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को पर्याप्त पेयजल मिल सके।
उन्होंने पंचायत भवन के पास बोर खनन कराने और बरबट्टी कुएं से पंप के जरिए जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर से नियमित जल वितरण करने को कहा।
महापौर ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि पेयजल समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर प्राथमिकता से समाधान करें, टंकियों को पूरा भरने के बाद ही वाल्व खोलें तथा पानी की बर्बादी रोकें। निरीक्षण के दौरान जल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
