राजनांदगांव। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पारागांवखुर्द स्थित पेटेश्री नदी इन दिनों अवैध रेत उत्खनन का केंद्र बन गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना रॉयल्टी पर्ची के धड़ल्ले से रेत निकासी हो रही है और इस पूरे खेल को कथित रूप से स्थानीय नेताओं का संरक्षण प्राप्त है।
ग्रामीण बताते हैं कि सुबह से शाम तक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है। न नियमों का पालन हो रहा है और न ही कोई वैध अनुमति दिखाई जाती है, जिससे शासन को भारी राजस्व नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अवैध उत्खनन का असर पर्यावरण पर भी दिखने लगा है। नदी का स्वरूप बिगड़ रहा है और जलस्तर गिरने की आशंका बढ़ गई है। इससे आसपास के किसानों में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। लोगों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस अवैध खेल पर चुप्पी साधे रहता है।
