रायपुर। राजधानी के विमतारा भवन में सामाजिक संस्था UHFC फाउंडेशन (United Hands for Change) द्वारा आयोजित “नारी तू नारायणी सम्मान 2026” समारोह प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करना रहा।
समारोह में मुख्य अतिथि गुलिस्तान न्यूज़ चैनल की स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट प्रीति जोशी को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए “नारी तू नारायणी सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व, दूरदर्शिता, समर्पण और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों को विशेष रूप से सराहा गया। सम्मान पत्र में उन्हें महिला सशक्तिकरण की प्रेरणास्रोत बताया गया।
इस अवसर पर संस्था की संस्थापक एवं निदेशक सोनम श्रीवास्तव, महेंद्र सिंघानिया सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास की आधारशिला है और ऐसे आयोजन उन्हें आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी अन्य प्रतिभाशाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जिससे पूरे समारोह में उत्साह और प्रेरणा का माहौल बना रहा। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का संकल्प दोहराया।
