रायपुर, 24 मार्च।
विष्णुदेव साय 25 मार्च को बलौदाबाजार से दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत लगभग 5 लाख परिवारों को 500 करोड़ रुपये की राशि अंतरित करेंगे। योजना के अंतर्गत पात्र भूमिहीन मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये सीधे खाते में दिए जा रहे हैं।
राज्य में 4.95 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित होंगे, जिनमें रायपुर जिले के सर्वाधिक 53,338 हितग्राही शामिल हैं। इसके अलावा बिलासपुर में 39,401 और महासमुंद में 37,011 मजदूरों को लाभ मिलेगा।
सरकार ने बजट 2026-27 में योजना के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। योजना में पारंपरिक कार्य से जुड़े भूमिहीन परिवार, वनोपज संग्राहक तथा बैगा-गुनिया जैसे समुदाय भी शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य इन परिवारों की आय बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
