राजनांदगांव में मुरुम माफिया बेलगाम! स्वीकृत खदानों से भी बिना रॉयल्टी धड़ल्ले से परिवहन

राजनांदगांव। जिले के राजनांदगांव विकासखण्ड में मुरुम उत्खनन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि कई स्थानों पर स्वीकृत खदानों की आड़ में बिना रॉयल्टी पर्ची के मुरुम का धड़ल्ले से परिवहन किया जा रहा है, जिससे शासन को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक ठेलकडीह,टेंडेंसरा, सुकुलदेहन, बाबुटोला, झुलाड़बरी, बघेरा, पदुमतरा, बिरेझर, जोरताराई और पचपेड़ी क्षेत्रों में दिन-रात ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाइवा से मुरुम ढुलाई हो रही है। कई वाहन बिना रॉयल्टी पर्ची के चलते हैं, वहीं कुछ मामलों में एक ही पर्ची पर कई चक्कर लगाए जाने की शिकायत है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वीकृत क्षेत्र से अधिक खुदाई कर अतिरिक्त मुरुम बाजार में खपाया जा रहा है। इससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों की हालत भी खराब हो रही है और धूल से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से स्वीकृत खदानों की सख्त जांच, रॉयल्टी व्यवस्था में पारदर्शिता और बिना रॉयल्टी परिवहन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।