नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती, 154 के खिलाफ कार्रवाई

रायपुर। रायपुर यातायात पुलिस ने रात्रि में विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वाले 154 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। तीन घंटे चले अभियान में मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत वाहनों को जब्त किया गया।
शहर के आठ प्रमुख चौक-चौराहों पर ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई। कार्रवाई में 64 कार, 65 बाइक, 8 ट्रक, 12 टाटा एस, 1 बोलेरो, 2 माजदा, 1 ट्रैक्टर व 1 ई-रिक्शा सहित कुल 154 वाहन जब्त किए गए। प्रकरण न्यायालय में पेश किए जाएंगे, जहां प्रति मामले न्यूनतम 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाता है। इस कार्रवाई से करीब 15.40 लाख रुपये अर्थदंड वसूलने की प्रक्रिया होगी।
यातायात पुलिस ने होली के मद्देनजर नशे में वाहन चलाने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है।