वामनराव लाखे वार्ड में विकास कार्यों की सौगात, 1.10 करोड़ के कार्यों का शुभारंभ

रायपुर, 17 फरवरी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को राजधानी में लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि विकास ज़मीन पर दिखना चाहिए और यही उनकी प्राथमिकता है।
वामनराव लाखे वार्ड की प्रोफेसर कॉलोनी सेक्टर-3 में 48 लाख रुपये से आरसीसी नाला निर्माण, मरम्मत व कवरिंग कार्य तथा गली नंबर 15 और मेन रोड में 21.11 लाख रुपये से नाली, पुलिया और सीसी रोड निर्माण- मरम्मत कार्य किए जाएंगे।
शासकीय मिडिल स्कूल में 9.80 लाख, शासकीय हाई स्कूल कुशालपुर में 5.95 लाख से शेड निर्माण तथा गायत्री प्रज्ञा मंडल मंदिर के पास लगभग 10 लाख रुपये से भवन निर्माण होगा। मलसाय तालाब के पास 3 लाख से चबूतरा निर्माण और मां दंतेश्वरी प्राचीन अखाड़ा में 5 लाख रुपये से व्यायाम उपकरण की स्वीकृति दी गई।
इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि व नागरिक उपस्थित थे।