साय सरकार की नीतियां पूरी तरह किसान विरोधी है – विधायक  भोलाराम साहू

राजनांदगांव। खुज्जी विधायक भोलाराम साहू ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर किसानों को लगातार प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि साय सरकार के निर्देश पर अधिकारी एवं कर्मचारी किसानों के घर, कोठार, व्यारा, खेत एवं खलिहान तक पहुंचकर धान के निरीक्षण और भौतिक सत्यापन के नाम पर किसानों को परेशान कर रहे हैं।

विधायक साहू ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ किए गए वादों से पूरी तरह मुकर चुकी है। विधानसभा चुनाव के समय ‘मोदी की गारंटी’ के तहत हर किसान का पूरा धान खरीदने का वादा किया गया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। आज किसान धान बेचने के लिए भटक रहा है और सरकार आंख मूंदे बैठी है।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी की अवधि मात्र दो दिन बढ़ाना किसानों के साथ छलावा है। इतने कम समय में किसान अपना धान नहीं बेच पा रहे हैं, जिससे बड़ी संख्या में किसान धान विक्रय से वंचित हो रहे हैं। यह निर्णय सरकार की किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

विधायक भोलाराम साहू ने आरोप लगाया कि एक ओर किसानों को समय पर पर्याप्त खाद नहीं मिल पाई, वहीं दूसरी ओर अब भौतिक सत्यापन के नाम पर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। अधिकारी-कर्मचारी घर-घर जाकर दबाव बनाकर समर्पण करवा रहे हैं, जिससे किसानों में भय का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि साय सरकार दो दिन धान खरीदी बढ़ाकर अपनी पीठ थपथपाने और वाहवाही लूटने का प्रयास कर रही है, जबकि हकीकत में किसान हर मोर्चे पर परेशान है। सरकार की नीतियां पूरी तरह किसान विरोधी हैं और इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।

विधायक साहू ने मांग की कि धान खरीदी की अवधि पर्याप्त समय तक बढ़ाई जाए, भौतिक सत्यापन के नाम पर किसानों को परेशान करना बंद किया जाए और खाद-बीज की समुचित व्यवस्था कर किसानों को राहत दी जाए।