राजनांदगांव—थाना सिटी कोतवाली व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा किया गया। पुलिस ने गोंदिया (महाराष्ट्र) से 5 चोरी की मोटरसाइकिलें कुल कीमत 2.06 लाख रुपये बरामद कर आरोपी संघर्ष सुभाष डोंगरे (18) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में वर्ष 2023 से 2025 के बीच अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी की घटनाएं हुई थीं। सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा गया। बरामद बाइकों में बुलेट क्लासिक सहित अन्य वाहन शामिल हैं। कार्रवाई में कोतवाली व साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

