पीएम जनमन आवास योजना में उत्कृष्ट कार्य पर ग्राम पंचायत कोपरी सम्मानित

साल्हेवारा।
ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए ग्राम पंचायत कोपरी को पीएम जनमन आवास योजना के तहत समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। योजना के अंतर्गत आवास निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर पंचायत सचिव को माननीय जिला कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कलेक्टर महोदय ने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना ही सुशासन की वास्तविक पहचान है। उन्होंने ग्राम पंचायत कोपरी की पारदर्शी कार्यप्रणाली और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि पीएम जनमन आवास योजना का उद्देश्य विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों एवं जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। ग्राम पंचायत कोपरी ने लक्ष्य को समय पर पूर्ण कर जिले की अन्य पंचायतों के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस उपलब्धि से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।