वरिष्ठ पुरोहित पं. रविन्द्र शर्मा जी का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

साल्हेवारा निवासी, धर्म व संस्कारों के प्रति समर्पित वरिष्ठ पुरोहित पं. रविन्द्र शर्मा जी महाराज का गुरुवार को आकस्मिक निधन हो गया। वे रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचाररत थे, जहाँ अचानक आए ब्रेन स्ट्रोक के बाद चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पं. शर्मा जी के निधन की खबर फैलते ही साल्हेवारा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में शोक की लहर दौड़ गई। सरल, सादगीपूर्ण और धर्मनिष्ठ व्यक्तित्व के धनी पं. शर्मा जी वर्षों से धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा-पाठ, कथा-वाचन एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक दिशा प्रदान कर रहे थे। उनके मधुर स्वभाव और सेवाभाव के कारण वे सभी वर्गों में विशेष सम्मान रखते थे।
उनका अंतिम संस्कार साल्हेवारा मुक्तिधाम में किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामवासी, शिष्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पं. रविन्द्र शर्मा जी का असमय निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। श्रद्धालुओं एवं परिचितों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।