जीएसटी बचत उत्सव में बाजार पहुंचे मुख्यमंत्री साय, व्यापारियों और ग्राहकों में दिखा उत्साह

रायपुर। नवरात्रि के मौके पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के एम.जी. रोड, जयस्तंभ चौक से लेकर गुरुनानक चौक तक पैदल बाजार भ्रमण कर जीएसटी बचत उत्सव का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों और ग्राहकों से संवाद कर जीएसटी 2.0 से हो रहे लाभों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के स्वागत में व्यापारी संगठनों और नागरिकों ने गर्मजोशी दिखाई। उन्होंने दुकानों में बचत उत्सव स्टीकर भी लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई जीएसटी प्रणाली से टैक्स में पारदर्शिता और सरलता आई है, जिससे व्यापारियों को सुविधा और उपभोक्ताओं को सीधी बचत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब आवश्यक वस्तुएं 5% जीएसटी पर और कई खाद्य पदार्थ पूरी तरह करमुक्त हो गए हैं। इससे हर परिवार को सालाना हजारों रुपये की बचत होगी।
उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा, “मैं स्वदेशी खरीदता हूँ, स्वदेशी बेचता हूँ।”
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी समेत अनेक जनप्रतिनिधि और व्यापारी संगठन मौजूद रहे।