रायपुर रिंग रोड पर नो पार्किंग में खड़े 40 भारी वाहन जब्त, 3 चालकों पर आपराधिक मामला दर्ज

रायपुर, :शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिंग रोड नंबर-02 के सर्विस रोड पर नो पार्किंग में खड़े 40 भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। इसके साथ ही तीन ट्रक चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है।

यह संयुक्त कार्रवाई टाटीबंध व भनपुरी ट्रैफिक थानों की टीमों द्वारा की गई, जो पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई।

इन तीन ट्रक चालकों पर दर्ज हुआ आपराधिक प्रकरण:

  1. रज्जू ठाकुर – वाहन नंबर CG 28 Q 2520
  2. हिमाचल लोधी – वाहन नंबर MH 40 CM 2231
  3. तेजराम साहू – वाहन नंबर CG 19 H 8372

पुलिस के अनुसार, रिंग रोड नंबर-01 व 02 पर कई भारी वाहन चालक नो पार्किंग क्षेत्र में मनमाने ढंग से वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस की चेतावनी:
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में आम रास्तों पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी BNS की धारा 285 के तहत अपराध दर्ज किया जाएगा।