रायपुर, 11 सितंबर।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कथित “सुशासन” से खुद भाजपा कार्यकर्ता नाराज हैं। धमतरी के आछोटा गांव में 400 भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा देकर साय सरकार को आईना दिखाया है।
यूरिया की किल्लत, पोर्टल की परेशानी:
बैज ने कहा कि प्रदेश में यूरिया की भारी कमी से फसलें बर्बाद हो रही हैं। दूसरी ओर, सरकार ने समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए एग्री स्टेक पोर्टल से पंजीयन अनिवार्य कर किसानों को और परेशान किया है। पोर्टल ठीक से नहीं चल रहा, जिससे कई किसान पंजीयन नहीं कर पा रहे। उन्होंने पुरानी प्रक्रिया से पंजीयन की मांग दोहराई।
भर्ती परीक्षाएं बनी मजाक:
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार नौकरियों का भरोसा खो चुकी है। एडीईओ, वन रक्षक, आरक्षक भर्ती जैसी परीक्षाएं विवादों में रही हैं। त्रुटिपूर्ण प्रश्न पत्रों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा एजेंसियों और सरकार की भूमिका संदिग्ध है।
717 सड़कों पर सवाल:
दीपक बैज ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे 717 सड़कों के काम का दावा कर रहे हैं, जबकि RTI में खुलासा हुआ है कि सिर्फ 2 सड़कें बनी हैं। एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, फिर भी साव अब तक वर्क ऑर्डर सार्वजनिक नहीं कर पाए।

