रायपुर। छत्तीसगढ़ साहू संघ के नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू व अन्य पदाधिकारियों का शपथग्रहण समारोह रायपुर स्थित भामाशाह छात्रावास परिसर में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित समाज के कई वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत संत कर्मा माता मंदिर में पूजा-अर्चना व सामूहिक आरती से हुई। डॉ. साहू को सर्वसम्मति से निर्विरोध प्रदेशाध्यक्ष चुना गया। अन्य निर्वाचित पदाधिकारियों में तिलकराम साहू, सत्यप्रकाश साहू, साधना साहू, चंद्रवती साहू, बीना साहू व प्रदीप साहू शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि यह आयोजन इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होगा। उन्होंने समाज को संगठित रखने और धर्मांतरण से बचाने हेतु सभी को एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
पूर्व अध्यक्ष ने डॉ. साहू को कार्यभार सौंपते हुए उन्हें पौधा भेंट कर शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी व सामाजिक जन उपस्थित रहे। संचालन नमित साहू व आभार रूपेश साहू ने व्यक्त किया।

