रायपुर, 12 अगस्त। बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में स्वच्छता दीदियों को अनोखे अंदाज़ में सम्मान मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उनके पैर पखारे। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियां इस सम्मान से भावुक हो उठीं और इसे जीवन का सबसे गर्वपूर्ण क्षण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता दीदियां सामाजिक परिवर्तन की अग्रदूत हैं। विश्रामपुर की पुनीता बाई, कुम्हारी की रानू देवांगन, बिल्हा की पूजा राठौर और दंतेवाड़ा की वसु राज समेत कई दीदियों ने पहली बार ऐसा सम्मान पाकर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उनके समर्पण और परिश्रम की सच्ची पहचान है।
