रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन का भव्य शुभारंभ, यात्रियों को मिला नया वैकल्पिक मार्ग

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर-जबलपुर नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअली शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री की पहल से छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात मिली है। 47 हजार करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाएं चल रही हैं और रेलवे बजट में 21 गुना वृद्धि हुई है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 स्टेशनों का कायाकल्प हो रहा है।

नई ट्रेन सेवा से रायपुर से जबलपुर की दूरी मात्र 8 घंटे में तय होगी, जो गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर जैसे शहरों को जोड़ते हुए पर्यटन, व्यापार और शिक्षा को गति देगी। यह ट्रेन रोज़ाना दोपहर 2:45 बजे रायपुर से चलेगी और रात 10:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी।

डॉ. रमन सिंह ने इसे तीन राज्यों—छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश—की कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने वाला कदम बताया। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायकगण, रेलवे अधिकारी व बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

नई सेवा से मां बमलेश्वरी मंदिर, भेड़ाघाट, कान्हा नेशनल पार्क जैसे प्रमुख स्थलों तक पहुंच और सुगम होगी, जिससे क्षेत्रीय विकास को भी बल मिलेगा।